पवई के शाहमर्दानपुर गांव में आदर्श की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : 1
एक बाइक पर पांच लोगों का सवार होना और हेलमेट के बिना सफर करना एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। पवई-कलान मार्ग पर सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में आदर्श (10) की मौत हो गई। चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से भाग निकला।
पवई थाना क्षेत्र के शाहमर्दानपुर गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री की शादी रविवार को थी। समारोह में शामिल होने के लिए अशोक के साढ़ू सूरज कुमार का परिवार भी आया था। अशोक की बड़ी बेटी के ससुराल कटका, अंबेडकरनगर से मनोज निषाद (28) भी शादी में पहुंचे थे।
सोमवार दोपहर करीब एक बजे मनोज बाइक पर आदर्श (10), पवन (29), अंश (11), प्रिंस (10) को बैठाकर पवई बाजार जा रहे थे। शाहमर्दानपुर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने कटार गांव निवासी आदर्श को मृत घोषित कर दिया।
आदर्श अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। मृतक के मामा सत्यजीत ने आरोप लगाया कि बाइक चला रहा मनोज निषाद शराब के नशे में था। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बच्चे की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में मातम छा गया। थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।