विद्युत उपकेंद्र जीयनपुर में पांच दिन पूर्व चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। जला ट्रांसफार्मर न बदले जाने से बाजार के पांच सौ घरों, दो सौ दुकानों में अंधेरा व्याप्त है। वहीं बाजार में स्थित 10 वेल्डिंग मशीनें और 12 आटा चक्कियां भी बंद है।
बताते चलें कि विद्युत उपकेंद्र जीयनपुर में लगे चार सौ केवीए के ट्रांसफार्मर से बाजार सहित अगर-बगल के गांवों को विद्युत की आपूर्ति की जाती है। एक हफ्ते के अंदर यह ट्रांसफार्मर तीन बार जल चुका है। आखिरी बार यह ट्रांसफार्मर पांच दिन पूर्व जल गया। तबसे अब तक बदला नहीं गया।
बाजार के अजीत बरनवाल, मनोज कुमार, सुधीर कुमार, पप्पू, पिंटू आदि का कहना है कि जो ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है वह काफी घटिया किस्म का है। उन्होंने 400 केवीए के स्थान पर 600 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। वहीं एसडीओ हंसराज कुमार कौशल का कहना है कि बरसात में पानी जाने और लोड अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के लोग बिजली की किल्लत से परेशान हैं लेकिन जन प्रतिनिधियों के इससे कोई लेना देना नहीं है। उन्हें भी कई बार इस परेशानी से अवगत कराया जा चुका है।
लेकिन उनका भी इससे कोई लेना देना नहीं है। चुनाव के दौरान तो वादे बड़े बड़े हैं लेकिन अब समस्या के समय कोई नहीं दिखाई देता है।
इसके अलावा खालिसपुर, में 100 केवीए का पांच दिनों से, इटैली में 63 केवीए का पांच दिनों से, करसौली में 25 केवीए का पांच दिन से और मालटारी गांव में 10 केवीए का चार दिने से जला पड़ा है। मालटारी उपकेंद्र के जेई आशीष ने कहा कि ट्रांसफार्मर की गलत रिपेयरिंग और ओवर लोडिंग के कारण यह जल रहा है।
अंबारी प्रतिनिधि के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भेडिया गांव के पास पीडब्ल्यूडी रोड पर चार दिनों से गिरे एचटी तार को विभाग द्वारा जोड़ा नहीं गया। जिसके कारण मंगलवार को क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी गरीब किसान मंगला प्रसार पुत्र बद्रीनाथ की भैंस तारों की चपेट में आकर मर गई। विभाग को कोई कर्मचारी ही मौके पर नहीं पहुंचा।