आजमगढ़ में शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए नहीं खोल गया जामा मस्जिद का मुख्य द्वार।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। आठ जून से मस्जिदों में नमाज पढ़ाए जाने के लिए सरकार की गाइडलाइन जारी की गई थी। जिसके अनुसार ही शुक्रवार को नगर क्षेत्र की जामा मस्जिद, दलालघाट की मस्जिद, जमयतुर रशाद की मस्जिद, बाग मीरपेटू की मस्जिद और मुहल्ला कटरा स्थित मस्जिदों में पांच-पांच की संख्या करके बारी-बारी से सोशल डिस्टेसिंग को ध्यान में रखते हुए और मास्क लगाकर जुमे की नमाज पढ़ी गई। सभी मस्जिदों में नमाजियों का हैंड सैनिटाजेशन किया गया। बहुत से लोगों ने घरों में ही नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिदों के आस-पास पुलिस चक्रमण करती हुई नजर आई।
मुबारकपुर संवाददाता के अनुसार स्थानीय कस्बा सहित नगर के आस-पास क्षेत्रों में जुमे की नमाज सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते अदा की गई। कस्बा चौकी प्रभारी कमलनयन दुबे अपने हमराहियों के साथ सड़क पर उतर कर ई- रिक्शा के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न वार्डों सहित मुख्य बाजार और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए मुनादी कराते हुए लोगों को जागरुक किया। कहा कि जुमा की नमाज जामा मस्जिदों में पांच से अधिक लोगों को नहीं जाना है। इसके अलावा धार्मिक स्थल मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा हो किसी भी धार्मिक स्थलों में पांच लोगों से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं करना है। बाजारों में अनावश्यक रुप से भीड़ न लगाएं।