पल्हना। चौरी बेलहा महाविद्यालय प्रांगण तरवां में स्व. चंद्रदीप सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर पांचवीं अखिल भारतीय इनामी हॉकी प्रतियोगिता का आगाज बृहस्पतिवार को होगा। उद्घाटन बीएसएफ के डीआईजी आलोक कुमार सिंह करेंगे। पांच दिनों तक चलने वाले इस स्पर्धा का समापन तीन फरवरी को होगा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 26 टीमें भाग ले रही हैं।
महाविद्यालय के प्रबंधक प्रभाकर सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय खेल हॉकी का आयोजन किया जाता है। प्रतियोगिता में 26 टीमें भाग ले रही हैं। जिसमें बीजू पटनायक हॉकी उड़ीसा, मेकांस रांची, आर्मी दानापुर बिहार, एकलव्य एकेडमी बिहार, एनसीआर रेलवे कर्नल एक्सीलेंसी हरियाणा, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई, साईं सेंटर बरेली, विवेक अकादमी वाराणसी, एफसीआई गोरखपुर आदि शामिल हैं। फाइनल मैच तीन फरवरी को खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की सीबी एकेडमी के नाम से एक संस्था चलती है, जिसमें क्षेत्र के प्रतिभावान गरीब बच्चों को शामिल कर उनको हॉकी में प्रशिक्षित किया जा रहा है। आयोजक समिति के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा गुड्डू, सचिव प्रभाकर सिंह. रामानंद राजभर, राकेश सिंह, देवेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, सतीश सिंह आदि रहे।