लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कबीर पुलिया सोफीपुर के पास एक व्यक्ति को मारपीटकर बदमाशों ने उसकी कार व मोबाइल छीन लिया। उसके बाद फरार हो गए। सुबह होने पर स्थानीय लोगों ने घायल को लालगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी अनुसार फूलपुर कोतवाली के सरवीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश पटेल की चार पहिया गाड़ी है। जिसे वह किराए पर चलाते हैं। बृहस्पतिवार की रात तीन लोगों ने उनकी कार को मुगलसराय से लालगंज के लिए बुक कराया। उन्होंने हरहुआ बाबतपुर में कार में गैस भरवाई। इसके बाद वह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कबीर पुलिया सोफीपुर के पास पहुंचे।
तभी तीनों ने मिलकर ओमप्रकाश पटेल की जमकर पिटाई कर दी और उनका मोबाइल और कार को लेकर चले गए। सुबह हुई तो वहां मौजूद लोगों की नजर घायल ओमप्रकाश पटेल पर पड़ी। इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो वह हरकत में आ गए। क्षेत्राधिकार हितेंद्र कृष्ण, कोतवाली प्रभारी विनय मिश्रा एवं जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत देवगांव कोतवाली पर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।