सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नरहन खास गांव में रामलीला मंच पर नाच को लेकर सोमवार की रात विवाद हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने रामलीला कमेटी के लोगों को पीटकर घायल कर दिया। मारपीट की वजह से रामलीला बंद कर दी गई। घटना से नाराज कमेटी के लोग गांव में गए और किसी के न मिलने पर कई घरों पर लगी सीमेंट शीट, बाहर खड़ी कार-बाइक आदि को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही कई राउंड फायरिंग भी की। इस दौरान छर्रा लगने से एक किशोर घायल हो गया। घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
नरहन खास गांव में गांव वालों के सहयोग से रामलीला होती है जिसके अध्यक्ष सुधाकर यादव हैं। 13 अक्तूबर की रात रामलीला मंच पर एक लड़के का नाच चल रहा था। इस दौरान गांव के अन्य लोग रामलीला देखने आए थे। मंच पर नाच को लेकर दर्शक और रामलीला कमेटी वालों में विवाद हुआ। हालांकि मामला शांत हो गया। दूसरे दिन 14 अक्तूबर की रात पुन: रामलीला शुरू हुई तो विवाद हो गया। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने सुधाकर यादव सहित अन्य को पीटकर घायल कर दिया। मामले की सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराते हुए सुधाकर और दूसरे पक्ष से एक युवक को लेकर थाने चली गई। सुधाकर के हिरासत में लिए जाने से कमेटी के लोग आक्रोशित हो गए। रामलीला बंद कर लाठी-डंडा और अवैध असलहों से लैस होकर गांव में घुसे, और हवाई फायरिंग करते हुए तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान सुनील मौर्य की कार, पड़ोसी की बाइक और टीनशेड आदि तोड़ दी। इस दौरान घर के बाहर खड़ा रोशन (16) पुत्र लालमनी छर्रा लगने से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग गए थे। घटना के संबंध में रोशन के पिता लालमन ने गांव के धर्मेंद्र शर्मा, राजू यादव, आकाश प्रजापति, शिव यादव आदि को आरोपित का रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे ओर से सुधाकर यादव ने तहरीर देकर विपक्ष के मनीष मौर्य, प्रवीण मौर्य, प्रद्युम्न मौर्य, पंकज राय को आरोपित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों के गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा।