दुकान में आग लगने के बाद मौके पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कस्बा स्थित एक रेडिमेड गारमेंट, फर्नीचर की बड़ी दुकान के पिछले हिस्से में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। दुकान में आग लगते ही हड़कंप मच गया। सूचना के घंटो बाद तक फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची। स्थानीय लोग दुकान के अगले हिस्से से सामान बाहर करने के साथ ही आग बुझाने की कवायद में जुटे नजर आए। अगलगी की इस घटना में लाखों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जीयनपुर कस्बा स्थित मछली मार्केट के पास मां अंबे रेडिमेड गारमेंट, फर्नीचर व रजाई गद्दे की दुकान है। दुकान काफी बड़े हिस्से में फैली हुई है। सोमवार की शाम चार बजे अचानक शार्ट सर्किट के चलते दुकान के पिछले हिस्से में आग लग गई। दुकान से धुंआ उठता देख पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तत्काल सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। वहीं आसपास के लोग दुकान के अगले हिस्से से सामान बाहर करने में जुट गए।
कुछ लोग बाल्टी के माध्यम से पानी बुझाने की कवायद करने लगे। सूचना पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई थी। पुलिस तो कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई लेकिन फायर ब्रिगेड घंटो बाद तक नहीं आई थी, जिसके चलते कस्बा वासियों में आक्रोश व्याप्त था। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था। पीड़ित दुकानदार मनोज जायसवाल के अनुसार इस घटना में उसका लाखों का नुकसान हुआ है।