रानी की सराय। स्थानीय कस्बा स्थित जनरल स्टोर व गिफ्ट कार्नर की दुकान में सोमवार की देर रात शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। अगलगी की जानकारी होते ही फायर ब्रिगेड की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अगलगी की इस घटना में पीड़ित का लाखों का नुकसान हुआ है।
स्थानीय कस्बा निवासी सरेंद्र उर्फ बेचन एसबीआई शाखा के सामने स्थित अपने मकान के निचले तल में जनरल स्टोर व गिफ्ट कार्नर की दुकान खोल रखा है। रोज की भांति सोमवार की शाम वह दुकान बंद कर ऊपरी तल में स्थित आवास पर चला गया। रात में लाइट नहीं थी। 12 बजे के लगभग लाइट आई तो शार्ट सर्किट के चलते ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान में आग लग गई। पास पड़ोस के लोगों ने धुआं उठता देेखा तो शोर मचाना शुरू किया। इस पर ऊपरी तल में सो रहे सुरेंद्र व उसके परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। दुकान से ही घर में जाने का रास्ता होने के चलते परिजनों का बाहर निकलना भी मुश्किल था। जिस पर सुरेंद्र परिजनों के साथ खुद पड़ोसी के छत पर उतर कर किसी तरह से बाहर आया और इसके साथ ही आसपास के लोग एकजुट होकर आग पर काबू पाने की कवायद में जुट गए। दो फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गए। घंटों मशक्कत कर दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित के अनुसार अगलगी की इस घटना में उसका आठ लाख से अधिक का सामान जल कर खाक हो गया है।