दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर गांव में गुरुवार की दोपहर शॉर्ट सर्किट से ट्रैक्टर ट्राली पर लदा 55 बोझ गेहूं सहित ट्राली जलकर नष्ट हो गई। वहीं जीयनपुर कोतवाली के अमुवारी गांव में बुधवार की रात शार्ट सर्किट से दो बीघा अरहर की फसल जलकर राख हो गई। जहानागंज के उमरपुर गांव में बुधवार रात को मड़ई में आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों के काफी प्रयास बाद आग की इन घटनाओं पर काबू पाया जा सका ।
मार्टिनगंज संवाददाता के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर गांव निवासी रामचेत गौतम के पास दस बिस्वा जमीन है। जिसमें उन्होंने गेहूं बोया था। गुरुवार की दोपहर फसल की कटाई कर रामचेत अपना 55 बोझ गेहूं गांव के एक व्यक्ति के ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर अपने दरवाजे पर ला रहे थे। रास्ते में गेहूं के बोझ के बिजली के तार से स्पर्श करने पर शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से गेहूं का बोझ और ट्राली जलकर नष्ट हो गई।
मालटारी संवाददाता के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अमुनवारी नरायनपुर गांव निवासी अभय प्रताप सिंह के खेत के ऊपर से बिजली तार गुजरा है। बुधवार की रात तेज हवा चलने पर दो तारों के आपस में स्पर्श करने से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। इससे दो बीघा अरहर की फसल जलकर नष्ट हो गई। जहानागंज संवाददाता के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव निवासी साचू राजभर की रिहाईशी मड़ई में बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।
तेज धुआं और ऊंची उठती लपटें देख कर लोग भागकर मौके पर पहुंचे। लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की। ग्रामीणों के अथक प्रयास कर आग पर काबू पाने तक मड़ई सहित भीतर रखे गए हजारों रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए।