कप्तानगंज बाजार में पुरानी बाजार स्थित किराने की दुकान में आग लगने से जले सामान।
- फोटो : AZAMGARH
कप्तानगंज (आजमगढ़)। स्थानीय बाजार के महराजगंज मार्ग पर स्थित किराने की दुकान में शुक्रवार की रात शार्ट सर्किट से आग लगने से पांच हजार रुपये नगदी सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। शनिवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचा दुकानदार भी करंट लगने से गिर गया।
पीड़ित लालमन यादव पुत्र सत्यनारायण यादव कप्तानगंज बाजार का निवासी है। कस्बे के महराजगंज मार्ग पर स्थित एक मकान में किराना की दुकान है। शुक्रवार की रात को लालमन अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। रात को बिजली आने पर शार्टसर्किट होने से दुकान में आग लग गई और भीतर रखा गया पांच हजार रुपये नगदी सहित लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। ठंड होने की वजह से किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। शनिवार की सुबह लालमन अपनी दुकान खोलने के लिए जैसे ही ताले में चाबी लगाया कि करंट का झटका लगने पर वह दूर फेंका गया। तब जाकर जानकारी हुई। लोग बिजली काटकर दुकान खोलकर भीतर घुसे तो अंदर सबकुछ खत्म हो चुका था। लालमन यादव ने अज्ञात के विरुद्ध थाने में तहरीर दी।