आजमगढ़। नगर के एलवल पुलिस चौकी से मात्र कुछ कदम की दूरी पर विद्युत पोल पर लगे अंडरग्राउंड विद्युत कैबिनेट में रविवार की सुबह शार्ट-सर्किट के चलते आग पकड़ ली। उधर से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। तत्काल कोई मदद न पहुंचने पर उधर से गुजर रहे राहगीर जय श्री यादव सहित अन्य लोगों ने बालू आदि फेंककर आग पर थोड़ा-बहुत काबू पाया। जय श्री यादव ने बताया कि इधर से गुजर रहे थे तो देखा कि पुलिस चौकी के सामने पोल पर भयंकर आग पकड़ी है। आग बुझाने के लिए वहां रखे बालू को एक अन्य व्यक्ति के सहयोग से उठाकर लगी आग पर फेंका गया। हालांकि कुछ लोग वहां खड़े थे। लेकिन कोई आग बुझाने में सहयोग को आगे नहीं आया। इस बीच चौकी के दरोगा ने आग बुझाने में सहयोग किया। पोल के नीचे की आग तो हाथों से बालू फेंक कर किसी तरह से बुझा दिया गया। लेकिन ऊपर लगी आग बुझाने में कठिनाई आ रही थी। उधर से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने साहस दिखाते हुए पोल के बिल्कुल सामने अपना ऑटो रिक्शा खड़ा किया और उसकी छत पर चढ़कर बालू फेंककर आग को बुझाया गया। इस बीच विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों से फोन पर संपर्क किया गया। लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। फिर आस-पास के लोग पावर हाउस गए और बिजली कटवाया। लेकिन तब तक आग पूरी तरह से बुझा दी गई थी। बाद में बिजली कटने पर पानी फेंककर लोगों ने आग को पूरी तरह बुझा दिया।