कस्बा के बेकारू चौक पर बृहस्पतिवार की देर रात अज्ञात कारणों से चाय-पान की तीन दुकानों में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक सबकुछ जल कर राख हो चुका था। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग लगने की इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है।
महाराजगंज के बेकारू चौक पर मुन्नीलाल प्रजापति गुमटी में पान की दुकान खोल रखे थे। इस दुकान में वे पान के अलावा कॉपी, कलम, तेल, शैंपू आदि सामान भी रख कर बेचते थे। रोज की भांति बृहस्पतिवार की रात वह अपनी गुमटी बंद कर घर चला गया। देर रात गुमटी में आग लग गई। राहगीरों ने गुमटी से धुआं उठता देख शोर मचाया। आसपास मौजूद लोग भी जा गए। लोगाें ने मुनीलाल को तत्काल फोन कर घटना की सूचना दी।
जब तक आग बुझाई जाती और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचती तब तक आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। पड़ोस में स्थित रामअवध राजभर की गुमटी को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। रामअवध गुमटी में चाय की दुकान लगाता था। इसके साथ ही राजेंद्र प्रजापति की चाय की गुमटी भी आग की चपेट में आ गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाया। आग लगने की इस घटना में तीनों दुकानदारों की गुमटियों में रखे सारे सामान जल कर नष्ट हो गए। पीड़ित दुकानदार मुनीलाल, रामअवध व राजेंद्र प्रजापति के अनुसार आग लगने की इस घटना में तीनों का कुल लाखों में नुकसान हुआ है।