सरायमीर। बाजार के सिसवारा मोड़ पर स्थित एक कपड़े की दुकान व सिलाई सेंटर में बृहस्पतिवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक लोगों को घटना की जानकारी होती और आग बुझाने की कवायद शुरू होती तब तक दोनों दुकानें जल कर पूरी तरह से राख हो र्गइं।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के बनगांव ग्राम निवासी राजमन सरायमीर कस्बा के सिसवारा मोड़ पर कई वर्षों से कपड़ों की दुकान व सिलाई सेंटर संचालित करता था। रोज की भांति बृहस्पतिवार की देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर चला गया। देर रात दुकान से धुंआ उठने लगा तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना राजमन को दी। जब तक राजमन मौके पर पहुंचता और आग बुझाने की कवायद शुरू होती तब तक दुकान में रखे कपड़ों के साथ ही सारा सामान जल कर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार आठ सिलाई मशीन, एक इंटरलॉकिंग मशीन, लोगों के 200 जोड़ी सिले हुए कपड़े व काफी संख्या में सिलाई के लिए रखे व अन्य कपड़े जल कर खाक हो गए। घटना के पीछे कारण शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है। पीड़ित ने दो लाख से अधिक के नुकसान की बात बतायी है।