भंवरनाथ के पास बुधवार की रात तकनीकी गड़बड़ी के चलते आई खराबी के कारण हाफिजपुर 33 केवी की मेन सप्लाई से ब्रेक डाउन हो गया। इसके चलते दर्जन भर से अधिक मुहल्लों में पूरी रात बिजली गुल रही। बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात फाल्ट ढ़ूंढ़ते रहे लेकिन वह नहीं मिला। इसके चलते जाफरपुर और हाफिजपुर फीडर से जुड़े मुहल्लों के लोगों को परेशानी उठानी प़ड़ी। गुरुवार की सुबह गड़बड़ी दूर की जा सकी तो लोगों ने राहत की सांस ली।
बताते चलें कि बुधवार की रात लगभग 10 बजे भंवरनाथ के पास आई खराबी की वजह से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र हाफिजपुर से ब्रेक डाउन हो गया। पूरी रात विभाग के अधिकारी और कर्मचारी आई खराबी को ढ़ूंढ़ने में जुटे रहे लेकिन खराबी का पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे खराबी को दूरकर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। इस खराबी की वजह से मातनपुर और जाफरपुर फीडर से जुड़े भवरनाथ, करतालपुर, देवपार, ब्रह्मस्थान, आराजीबाग, अटलस पोखरा, कटरा, बदरका आंशिक, अनंतपुरा आदि क्षेत्रों में लोगों को गर्मी और उमस के बीच रात गुजारनी पड़ी।
अधिशासी अभियंता धीरज सिन्हा ने बताया कि भंवरनाथ के पास अचानक आई खराबी के कारण पूरी रात आपूर्ति ठप रही। कर्मचारियों ने खराबी को खोजने का प्रयास किया लेकिन नहीं मिली। सुबह साढ़े बजे गड़बड़ी को दूर कर आपूर्ति बहाल की गई। मालटारी संवाददाता के अनुसार आजमगढ़ के हाफिजपुर से आने वाले मेन सप्लाई का विद्युत तार बुधवार की रात्रि हाफिजपुर के पास रात 10 बजे टूट गया। इसके चलते पटवध, बिलरियागंज और रौनापार विद्युत उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जिसके चलते सैकड़ों गांवों में अंधेरा फैला हुआ है।
आटा चक्की से लेकर छ़ोटे मोटे उद्योग धंधे बंद पड़े हैं। तार टूटने से पटवध, जैगहा, गुलवा गौरी, नसीरपुर, बगवार, मधनापार, बिलरियागंज, बोझिया, महुलिया, कठैचा, कोठिया, अंडाखोर, पिपरया, डूरीडीहा, कुर्थीपुर, अकबरपुर, दोरजी, बर्नापुर सहित सैकड़ों गांवों में आपूर्ति ठप हो गई है। जेई बिलरियागंज राजेश चौहान ने बताया कि हाफिजपुर के पास मेन सप्लाई का विद्युत तार टूट गया है जिसको ठीक किया जा रहा है। देर शाम तक कर्मचारी गड़बड़ी दूर करने में लगे हुए थे।