आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक कोर्ट से मुकदमे की फाइल ही गायब हो गई। फाइल गायब होते ही न्यायालय में हड़कंप मच गया और न्यायालय कर्मियों ने एक संदिग्ध को पकड़ कर शहर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
फूलपुर तहसील क्षेत्र के एक वकील का पत्नी से विवाद चल रहा है। पत्नी ने फैमिली कोर्ट में वकील के खिलाफ मुकदमा दायर किया हुआ है। मंगलवार को फैमिली कोर्ट नंबर तीन में मुकदमे की सुनवाई थी। जब सुनवाई का समय हुआ और पारिवारिक न्यायाधीष प्रज्ञा सिंह कोर्ट में पहुंच गई तो फाइल उन्हें देने के लिए खोजी जाने लगी और फाइल मौके पर नहीं मिली। न्यायालय कक्ष से फाइल गायब होते ही हड़कंप मच गया। न्यायालय कर्मियों ने फाइल गायब करने का शक एक संदिग्ध पर किया और पकड़ लिया। उससे काफी पूछताछ किया लेकिन उसने फाइल के बारे में जानकारी होने से ही इंकार कर दिया। इस पर न्यायालय कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस फूलपुर के संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने चली आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पारिवारिक न्यायालय की तरफ तहरीर पर शहर कोतवाली में दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था और गायब हुई फाइल को खोजने में न्यायालय कर्मियों के साथ ही पुलिस जुटी हुई थी।