आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के माल्देपुर गांव के रहने वाले एक व्यक्ति और उसके बेटे की पंजाब में मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पिता-पुत्र पंजाब के लुधियाना में रहते थे।
लॉकडाउन की वजह से राधेश्याम (38) और उसका बेटा अरुण (18) दोनों फंसे हुए थे। दो दिन पूर्व ही दोनाें पैदल ही घर के लिए चल दिए। बुधवार शाम को पंजाब के राजपुरा रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे। रेलवे लाइन पार करने के दौरान राधेश्याम का पैर रेलवे लाइन में फंस गया और वह गिर गया।
बेटा उसका पैर निकालने लगा, तभी मालगाड़ी आ गई और उससे कटकर पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई। जेब से मिले कागजात के जरिए इनकी पहचान कर पुलिस ने घर पर सूचना दी। राधेश्याम अपने माता पिता की अकेली औलाद था। वह दो बेटों और दो बेटियों का पिता था। इसमें अरुण सबसे बड़ा था। वह पिता के साथ रहकर काम करता था।