गन्मा समिति व गन्ना विकास परिषद सठियांव के अंतर्गत ग्राम टंड़वा में बुधवार को ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक कुमार ने गन्ना सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया। चीनी मिल सठियांव परिक्षेत्र के गन्ना किसानों का सर्वेक्षण विगत माह 15 अप्रैल से शुरू हुआ, जो 15 जून तक पूरा करना है। इस सर्वेक्षण में अब तक सात हजार हेक्टेयर गन्ना का सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। बुधवार को भगवानपुर, मोहब्बतपुर और टड़वा गांव के सर्वेक्षण का निरीक्षण करने जब ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पहुंचे तो भगवानपुर सर्किल के पर्यवेक्षक संतोष यादव अनुपस्थित मिले। उन्होंने गन्ना किसानों को गन्ना उत्पादन के साथ सह फसली खेती और रासायनिक उर्वरक की जानकारी दी। वही, किसानों को घोषणा पत्र भरने पर विशेष बल दिया। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी अशरफी लाल, गन्ना पर्यवेक्षक मिथिलेश तिवारी और गांव के गन्ना किसान मौजूद थे।