प्रदेश की चीनी मिलों में अविलंब पेराई सत्र शुरू कराने सहित सात सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय लोकदल ने कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैंड पर धरना दिया।
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। बाद में प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
जिलाध्यक्ष मु. महमूद खां ने कहा कि प्रदेश और केंद्र दोनों सरकार जनविरोधी हैं। जनता के हित से इन्हें कोई लेनादेना नहीं है। इस सरकार में किसान, नवजवान सभी परेशान हैं।
कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने प्रदेश की सभी चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू कराने, आगामी सत्र में गन्ने का मूल्य 350 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने, गत वर्ष के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान ब्याज सहित अविलंब कराने, चीनी मिल न चलाने वाले मिल मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मिलों का अधिग्रहण करने की मांग की।
कहा कि जिले की टूटी सड़कों को अविलंब बनवाया जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगे पूरी नहीं होती हैं तो पार्टी वृहद आंदोलन को बाध्य होगी। इसकी जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी।
धरने को पतिराम यादव, डा. सुरेश यादव, राममिलन चौहान, मो. साबिर आदि ने संबोधित किया। धरने में चंद्रमोहन सिंह, अमरजीत यादव, अमित पाठक, शीला भारती, प्रभावती, टीएन शास्त्री, डा. दिलीप आदि रहे।