Farmers' crop burnt due to spark, sabotage in mill
- फोटो : AZAMGARH
सठियांव। चीनी मिल के बगास (खोई) से निकली चिंगारी ने मिल के आसपास लगभग 50 बीघे गेहूं की फसल को स्वाहा कर दिया। नाराज किसान मिल पहुंचे तो कुछ युवाओं ने यहां तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची मुबारकपुर पुलिस ने युवाओं लाठी भांजकर भगाया। मामले में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही थी।
द किसान सहकारी चीनी मिल में इन दिनों पराई समाप्ति की ओर है। रविवार दोपहर 12 बजे के आसपास मिल परिसर में रखे बगास (खोई) में आग लग गई। मिलकर्मियों ने इसे बुझाया लेकिन आग पूरी तरीके से बुझी नहीं थी। इससे निकली चिंगारी हवा के साथ आसपास के किसानों की पक कर तैयार गेहूं की फसल में पहुंच गई और उसे अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते किसानों की लगभग 50 बीघे गेहूं की फसल स्वाहा हो गई। नाराज किसान मिल परिसर पहुंचे। इस दौरान भड़के युवाओं ने मिल में तोड़फोड़ कर दी। मिल प्रशासन की ओर से इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची मुबारकपुर पुलिस ने लाठी भांज किसानों और युवाओं को भगा दिया। मिल प्रशासन की ओर से मामले की तहरीर पुलिस को दी जा रही है। थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज किया जाएगा।
फसल जलने पर चीनी मिल में की गई तोड़फोड़।- फोटो : AZAMGARH