आजमगढ़। कंधरापुर क्षेत्र स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान से बुधवार को भारी मात्रा में नकली शराब बरामद की गई। मौके दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कंधरापुर पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है।
पवई व दीदारगंज थाना क्षेत्र में नकली व जहरीली शराब से 39 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना से इंकार करने वाली पुलिस ने तीन दिन बाद मित्तूपुर से भारी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी के साथ ही अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और इसके बाद पुलिस ने जहरीली शराब से मौत की बात भी स्वीकार किया। इसके बाद भी जिले में अवैध व नकली शराब कारोबार पर ब्रेक नहीं लग सका है। कंधरापुर थाना क्षेत्र के आजमपुर बाजार स्थित देशी शराब की दुुकान पर मंगलवार की शाम कंधरापुर थाना व आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा। दुकान से 868 पौव्वा नकली शराब बरामद की गई। शराब बिक्री के 16 हजार रुपये भी बरामद किए गए। टीम ने मौके से देवानंद निवासी ग्राम चड़ई थाना रानी की सराय, कमलेश निवासी ग्राम भेड़िया थाना दीदारगंज को गिरफ्तार किया है।