आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के टीमलपट्टी गांव निवासी एक व्यक्ति द्वारा बार-बार डायल 112, एंबुलेंस 108 और जीयनपुर पुलिस के सीयूजी नंबर पर कॉल कर फर्जी सूचना दी जा रही थी। इस मामले में जीयनपुर पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जीयनपुर थाने पर तैनात एसआई छुन्ना सिंह बीट नंबर 3 के प्रभारी हैं। टिमलपट्टी गांव निवासी हरि हिंद के मोबाइल से 112 नंबर डायल पर अपनी पुत्री के साथ छेड़खानी की सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पीआरबी 1047 गई। लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। जांच में पता चला कि उक्त कॉलर प्रतिदिन 112 और 108 नंबर पर कॉल कर झूठी सूचना दे रहा है। जबकि पुलिस को मौके पर जांच में ऐसी कोई बात नहीं मिलती।
जिससे यह मालूम हुआ कि उक्त युवक द्वारा पुलिस को परेशान करने की नियत से बार-बार ऐसा किया जा रहा है। इस पर कॉलर के विरुद्ध फर्जी सूचना देने पर जीयनपुर थाने में एसआई छुन्ना सिंह ने धारा 182 व 505 (1/बी) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। वहीं कॉलर की सीडीआर निकाली जा रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।