थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी बाजार में मंगलवार शाम घड़ी डिटर्जेंट कंपनी के पदाधिकारी ने पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर ब्रांड के नाम से 14 बोरियों में रखा 1120 डिटर्जेंट नकली पाउडर बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
कंपनी के पदाधिकारी ने इस संबंध में सरामीर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष सरायमीर अश्वनी कुमार पांडे ने बताया कि घड़ी डिटर्जेंट पाउडर कंपनी के सहायक जनरल मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने थाने पर संपर्क कर उनके ब्रांड के नाम पर नकली पाउडर बनाकर बेचने वाले गिरोह के बारे में बताया। पुलिस ने थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी बाजार में छापेमारी कर नकली पाउडर बनाकर बेचने वाले गिरोह के एक सदस्य संदीप जायसवाल पुत्र विरेंद्र को दबोच लिया।
सहायक जनरल मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था, साथ ही उनकी कंपनी के ब्रांड के नाम पर नकली माल तैयार करके बाजारों में सप्लाई कर रहा था। ये लोग घड़ी ब्रांड को सस्ते दाम पर बेच रहे थे। आरोपी पिकअप पर पाउडर लाद कर बेचने के लिए जा रहा था।
वाहन से 14 बोरियों में रखा 1120 डिटर्जेंट पाउडर बरामद किया गया। कंपनी के सहायक जनरल मैनेजर ने नकली माल के साथ गिरफ्तार संदीप जायसवाल के खिलाफ सरायमीर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी सिकरौर सहबरी बाजार का निवासी है। थानाध्यक्ष सरायमीर ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी संदीप से गिरोह में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में जानकारी की जा रही है।