आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के जिवली-देवगांव मार्ग पर स्थित बकेस गांव के पास शुक्रवार की देर रात दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक व एक किशोर की मौत हो गई वहीं दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुड़हर गांव निवासी आदित्य राय (22) शुक्रवार की रात जौनपुर की तरफ से अपने एक मित्र गुलशन सरोज (15) निवासी पुरी थाना बरदह के साथ घर लौट रहा था। अभी वह जिवली-देवगांव मार्ग पर बरदह थाना अंतर्गत बकेस गांव के पास पहुंचा था कि आजमगढ़ से जौनपुर की तरफ जा रहे दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में आदित्य के साथ ही दूसरे बाइक सवार राजू (17) निवासी रेघवापुर थाना सराय ख्वाजा जिला जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आदित्य की बाइक पर सवार गुलशन सरोज व राजू की बाइक पर सवार शिवम (18) गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए जौनपुर रवाना कर दिया। जहां शिवम की हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है। वहीं मृतकों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक आदित्य के दो भाई बताए गए है। घटना की सूचना मृतकों के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।