आजमगढ़। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को आजमगढ़ और आसपास के स्टेशनों पर ठहराव देने की घोषणा की है। इससे हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 19165/19166 अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस अब सरायमीर स्टेशन पर रुकेगी। बताया कि अहमदाबाद-दरभंगा एक्सप्रेस पांच सितंबर से सरायमीर पर सुबह 07.40 बजे पहुंचेगी और 07.42 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस तीन सितंबर से सरायमीर पर 14.25 बजे पहुंचेगी और 14.27 बजे रवाना होगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 15084 फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस को भी ठहराव की सौगात मिली है। यह ट्रेन तीन सितंबर 2025 से खोरासन रोड पर 03.01 से 03.03 बजे तक व सरायमीर पर 03.11 से 03.13 बजे तक रुकेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 13509/13510 आसनसोल-गोंडा-आसनसोल साप्ताहिक एक्सप्रेस को मुहम्मदाबाद स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है। यह ट्रेन तीन सितंबर से आसनसोल-गोंडा एक्सप्रेस सुबह 05.15 से 05.17 बजे तक और वापसी में गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस रात 22.08 से 22.10 बजे तक मुहम्मदाबाद पर रुकेगी। अशोक कुमार ने कहा कि यह निर्णय यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए लिया गया है। इससे स्थानीय यात्रियों को न सिर्फ आवागमन में सुविधा मिलेगी बल्कि स्टेशनों की महत्ता भी बढ़ेगी।