सीएम जन आरोग्य मेले में मरीज का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
आजमगढ़। जिले के 77 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में बड़ी संख्या में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेले में कुल 1762 मरीजों का पंजीकरण कर निशुल्क जांच के बाद उपचार दिया गया। इनमें 760 पुरुष, 753 महिलाएं तथा 249 बच्चे शामिल रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अनंतपुरा, कुंदीगढ़ एवं दलसिंगार का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की समीक्षा की।
इसदौरान शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अनंतपुरा में तैनात चिकित्सक डॉ. प्रवीण, लैब टेक्नीशियन अमित कुमार एवं स्वीपर कम चौकीदार श्रवण कुमार दोपहर लगभग 12 बजे तक अनुपस्थित रहे। इस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तीनों कर्मचारियों को दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासनिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।