आजमगढ़। जिले के सात लाख 93 हजार से अधिक कार्ड धारकों को मई के आखिरी सप्ताह में मुफ्त राशन मिलने की उम्मीद है। इस बाबत गाइडलाइन आ गई है। कार्डधारकों को प्रति यूनिट तीन किग्रा गेहूं और दो किग्रा चावल मिलेगा। नियमित कोटे के वितरण के बाद 15 मई से इस अनाज को उठाने की बात कही गई है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत कार्डधारकों को मई और जून में पांच किग्रा मुफ्त अनाज वितरण की घोषणा की गई है। इसके तहत यहां तीन किग्रा गेहूं तथा दो किग्रा चावल देने का निर्णय लिया गया है। अभी 14 मई तक नियमित खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया चालू रहेगी। ऐसे में मुफ्त वितरण के लिए गोदामों से 15 मई से खाद्यान्न का उठान होगा। इस प्रक्रिया में भी एक सप्ताह लगने की बात कही जा रही है। ऐसे में 20 मई के बाद कंट्रोल से ही मुफ्त राशन मिलने की उम्मीद है।