आजमगढ़। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने मंगलवार को निर्माणाधीन परियोजनाओं समेत अन्य कार्यों को लेकर मंडल सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान सीएचसी कुशलगांवा सहित अन्य परियोजनाओं के संबंध में कार्यदायी संस्था आवास एवं विकास परिषद द्वारा अपडेट रिपोर्टिंग के बजाय पुन: पुरानी रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर नाराजगी व्यक्ति करते हुए मंडलायुक्त ने अधिशासी अभियंता को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। वहीं समीक्षा में पाया गया कि पैकफेड के स्तर पर अधिक परियोजनायें हैं लेकिन बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद प्रगति अत्यंत खराब है। उन्होंने पैकफेड को भविष्य में कोई कार्य न दिए जाने के बिंदु पर विचार करने हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया।
मंडलायुक्त ने समीक्षा के दौरान कई निर्माणाधीन परियोजनाओं में बजट उपलब्ध होने के बावजूद प्रगति काफी कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देकर मानक और गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराएं। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने अन्य कार्यदायी संस्थाओं की समीक्षा में पाया कि लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड-2 के स्तर पर पुलिस विभाग के कई कार्य लंबित हैं। इस संबंध में उन्होंने अधीक्षण अभियन्ता, लोनिवि को समय से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि तहसील सगड़ी अंतर्गत घाघरा नदी के दाएं तट पर गांगेपुर मठिया रिंग बांध के नवनिर्माण में गति लाए।
समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार मिश्र, संयुक्त विकास आयुक्त पीएन वर्मा, अपर जिलाधिकारी मऊ केहरी सिंह, अपर जिलाधिकारी बलिया राम आसरे, मुख्य राजस्व अधिकारी आजमगढ़ हरी शंकर, अधीक्षण अभियन्ता लोनिवि मऊ एके मणि, मण्डलीय अर्थ एवं संख्या अधिकारी डा. नीरज श्रीवास्तव, मुख्य अभियन्ता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के मंडलीय एवं जनपदीय पदाधिकारी उपस्थित थे।