फरिहां। स्थानीय बाजार में पुलिस बूथ के पास एक फल विक्रेता को अपने ठेले के पास एक लाख रुपये गिरे मिल जिसे उसने फरिहां चौकी के पुलिस के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद दो युवक पैसा खोजते हुए पहुंचे तो पुलिस ने पुष्टि करने के बाद उन्हें रुपये दे दिया। लोग फल विक्रेता और पुलिस की इसके लिए जमकर तारीफ कर रहे हैं।
फरिहां पुलिस बूथ से दस मीटर की दूरी पर ही संजय सोनकर फल की दुकान लगाता है। दुकान के सामने ही सराफा कारोबारी के कर्मचारी का एक लाख रुपये गिरा गया था। संजय ने वो रुपये उठाकर बूथ पर मौजूद सिपाहियों लालबहादुर यादव व शंकर यादव को सौंप दिया। सिपाहियों ने पैसा चौकी इंचार्ज के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद ही सरायमीर कस्बा का रहने वाले मो. अब्दुल्लाह पुत्र फिरोज पैसा खोजते हुए फरिहां बाजार पहुंचा। इसकी जानकारी जब पुलिस कर्मियों को हुई तो उन्होंने उसे चौकी पर बुलाया। सीसी टीवी में फुटेज देख कर इस बात की पुष्टि की गई कि गिरा हुआ पैसा उसी का है। इसके बाद पुलिस ने उसका आधार कार्ड व अन्य आई कार्ड लेकर पैसा वापस दे दिया। अब्दुल्लाह ने बताया कि पैसा सरायमीर के सराफा कारोबारी विकास सोनी का है। उसने यह पैसा किसी को देने के लिए दिया था जो रास्ते में गिर गया। पैसा वापस मिलने पर उसने राहत की सांस लिया और पुलिस कर्मियों के साथ ही पैसा पाने वाले फल विक्रेता के प्रति आभार भी व्यक्त किया।