आजमगढ़। कोरोना के बीच यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में विभाग जुटा है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने केंद्रों के निर्धारण के लिए गाइड लाइन जारी कर दिया है। अब जो भी परीक्षा केंद्र बनेंगे उनके लिए शासन ने मानक निर्धारित कर दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन मिलकर मानकों के अनुसार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए केंद्र बनाएंगे। छात्रों के दस तो छात्राओं के पांच किमी दूर परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों के निर्धारण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा शासन से जारी हुए आदेशों से सभी स्कूलों को अवगत कराया जा रहा है। जिले के 763 विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनाने के लिए सूचनाएं अपलोड की हैं। बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए ऐसे विद्यालयों को केंद्र नहीं बनाएंगे जहां पूर्व में गड़बड़ी मिली हैं। इसके लिए 11 बिंदुओं का मानक निर्धारित किया गए है। कॉलेज में कमियां मिलती है तो उसे परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। शासनादेश के अनुसार ही केंद्र बनाए जाएंगे। डीआइओएस डा. वीके शर्मा ने बताया कि तीन किलोमीटर सीमा के अंतर्गत कोई गर्ल्स कॉलेज नहीं होता है तो पांच किलोमीटर की सीमा में स्थित विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। वहीं छात्रों के लिए दस किलोमीटर दूरी तक केंद्र आंवटन किए जाएंगे।