आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब जनपद में दो फरवरी से हर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाएगा। योजना के तहत हर रविवार ग्रामीण क्षेत्र की 69 स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी, पीएचसी और अतिरिक्त पीएचसी) के साथ ही शहरी क्षेत्र के तीन स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेला सुबह 10 से शाम चार बजे तक लगेगा। इसमें रोगियों के नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, जांच और उपचार के साथ ही स्वास्थ्य विभाग अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. एके मिश्र ने बताया कि मेले की कार्ययोजना बन चुकी है और डीएम की संस्तुति से इसे शासन को भेज दिया गया है। हर मेले में चार एमबीबीएस चिकित्साधिकारी, आयुष चिकित्सक, फार्मेसिस्ट और पैरामेडिकल की ड्यूटी लगाई घई है। दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। आरोग्य मेले के लिए प्रचार-प्रसार ब्लाक स्तरीय प्रभारी चिकित्साधिकारी, आशाओं और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से कराया जा रहा है। पल्स पोलियो कार्यक्रम 19 से 24 जनवरी तक प्रस्तावित है। इसमें भी स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से घर-घर भ्रमण के दौरान भी मेले का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।