फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: यूपी बोर्ड के अंग्रेजी माध्यम छात्रों को भी मिलेंगी एनसीईआरटी की किताबें

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अंग्रेजी माध्यम से अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की तैयारी की है। शैक्षिक सत्र 2027-28 से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों को हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी माध्यम में भी एनसीईआरटी और परिषद द्वारा विकसित पाठ्यपुस्तकें सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे अब विद्यार्थियों को महंगी निजी पुस्तकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिले में संचालित 806 माध्यमिक विद्यालयों के अंग्रेजी माध्यम के छात्र-छात्राओं को इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अनुसार हाईस्कूल (कक्षा 9 व 10) के अंग्रेजी, विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान सहित इंटरमीडिएट (कक्षा 11 व 12) के अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित समेत कुल 36 विषयों की 70 एनसीईआरटी आधारित और 12 परिषद विकसित पाठ्यपुस्तकें अंग्रेजी माध्यम में उपलब्ध कराई जाएंगी। अब तक परिषद की अधिकांश पुस्तकें केवल हिंदी माध्यम में प्रकाशित होती थीं। ऐसे में अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के लिए बाजार से अपेक्षाकृत महंगी पुस्तकें खरीदनी पड़ती थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें निर्धारित और किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध हो सकेंगी। परिषद की ओर से पुस्तक विक्रेताओं और संस्थाओं को निर्धारित नियमों एवं शर्तों के तहत डीलरशिप भी प्रदान की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों तक पुस्तकें समय से पहुंच सकें। जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2027-28 से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर के विभिन्न विषयों की एनसीईआरटी और परिषद की विकसित पाठ्यपुस्तकें हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी माध्यम में भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को सस्ती और मानक अध्ययन सामग्री आसानी से मिल सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें