आजमगढ़। कंधरापुर थाना के हरिहरपुर गांव में मंगलवार की रात हुए आदर्श मिश्रा हत्याकांड के आरोपी 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लग सके हैं। चार लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है। वहीं एसपी के निर्देश पर गठित चार टीमें दबिश की कवायद में जुटी हैं।
हरिहरपुर गांव निवासी आदर्श मिश्रा पुत्र राजेश मिश्रा की गोली मार कर हत्या किए जाने के मामले में पिता की तहरीर पर गांव के ही गोल्डी यादव व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। मंगलवार की रात ही एसपी ने चार टीमें हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित कर दी थी। वहीं एसपी ने आरोपियों पर ऐसी कार्रवाई करने का दावा किया था जो नजीर बनेगी। एसपी ने कहा था कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इन पर गैंगेस्टर ही नहीं एनएसए में कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं गैंगेस्टर के तहत इनकी संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। घटना को 24 घंटे का समय बीत चुका है। इसके बाद भी हत्यारोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। एसपी अनुराग आर्य की मानें तो नामजद अभियुक्तों की तलाश में पुलिस की चारों टीमें जगह-जगह दबिश की कवायद में जुटी हुई हैं। वहीं कंधरापुर पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की कवायद में जुटी हुई है। एसपी ने आदर्श हत्याकांड का जल्द खुलासा कर देने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपी गोल्डी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।