थाना क्षेत्र के बेलइसा धर्मकांटा के पास छह दिन पूर्व हुए लगभग आठ लाख की छितैनी मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। एसपी के निर्देश पर गठित तीन टीमें हवा में ही तीर चला रही हैं। दावा तो जल्द खुलासे का किया जा रहा है लेकिन अब तक बदमाशों का सुराग तक नहीं लगाया जा सका है। शहर के शारदा तिराहा स्थित एक जनसेवा केंद्र का कर्मचारी प्रतिदिन उड़ान कंपनी से कैश उठाता है और उसे कंपनी के बंगलूरू स्थित मुख्यालय के खाते में भेजता है। बीते शुक्रवार को कर्मचारी लगभग आठ लाख रुपये लेकर केंद्र के लिए चला था। बेलइसा धर्मकांटा के पास दिन दहाड़े अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और तमंचा सटा कर रुपयों भरा बैग छीन कर फरार हो गए। एसएसपी ने सीओ लालगंज, सीओ सिटी व एसओजी की कुल तीन टीम गठित कर बदमाशों की तलाश में लगाई। घटना को छह दिन हो चुके है लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली है। तीनों टीम सिर्फ हवा में ही तीर चला रही है। कई लोगों को उठा कर पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन खुलासा तो दूर अब तक पुलिस बदमाशों का सुराग तक नहीं लगा सकी है। एसओ रानी की सराय शशिचंद चौधरी ने बताया कि पुलिस अपना काम कर रही है और जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।