आजमगढ़। जिले में यूपी बोर्ड कापियों का मूल्यांकन कार्य अब 12 मई शुरू होगा। शासन से आदेश आते ही डीआईओएस कार्यालय नए सिरे से तैयारियों में जुट गया है।
डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा के कापियों के मूल्यांकन के लिए जिले में चार केंद्र बने हुए है। पूर्व में पांच मई से मूल्यांकन शुरू होना था लेकिन जिला आरेंज जोन में होने के चलते मूल्यांकन का कार्य स्थगित कर दिया गया। अब शासन स्तर से नया आदेश जारी हुआ है। जिसके तहत आरेंज जोन में पड़ने वाले जिलों में भी 12 मई से मूल्यांकन का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया है। पूर्व के सभी आदेश का अनुपालन मूल्यांकन के दौरान किया जाएगा। वहीं यदि कोई मूल्यांकन केंद्र हॉट स्पाट क्षेत्र में होगा तो उस मूल्यांकन केंद्र पर मूल्यांकन का कार्य नहीं होगा तथा हॉटस्पाट क्षेत्र के परीक्षकों की मूल्यांकन में ड्यूटी नहीं लगेगी। उन्होंने बताया कि जिले में कोई भी मूल्यांकन केंद्र हॉटस्पाट जोन में नहीं है।