सगड़ी तहसील के देवारांचल में घाघरा नदी का जलस्तर 24 घंटे में 10 सेमी घटने से कटान तेज हो गया है। कृषि योग्य भूमि को नदी अपने आगोश में लेती जा रही है। उधर किसान कटान को लेकर चिंतित हो उठे हैं। तीन दिन पहले ऊपर से पानी डिस्चार्ज होने से घाघरा नदी बढ़ने लगी थी। लेकिन अब घटने लगी है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत उर्दिहा, सहबदिया में कटान तेज हो गई है। ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।जलस्तर घटने से किसानों ने बाढ़ की आहट से राहत मिली है, लेकिन कटान ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी है। सहबदिया गांव के किसानों का आज भी जमीन घाघरा की कटान में कटती जा रही है। घाघरा नदी का जलस्तर बदरहुंआ नाले पर रविवार की शाम चार बजे 70.69 मीटर दर्ज किया गया था, जो सोमवार को 10 सेंटीमीटर घटकर 70.59 मीटर पर पहुंच गया। बदरहुंआ नाले का न्यूनतम जलस्तर 70.26 मीटर, खतरा बिंदु 71.68 मीटर और अधिकतम जलस्तर 73.52 मीटर है। इसी प्रकार डिघिया नाला का जलस्तर रविवार की शाम 69.97 मीटर दर्ज किया गया था, जो सोमवार को 10 सेमी घटकर 69.87 मीटर हो गया। यहां पर न्यूनतम जलस्तर 68.90 मीटर, खतरा बिंदु 70.40 और अधिकतम 72.59 मीटर है।