आजमगढ़। मार्टीनगंज नगर पंचायत में संचालित गाेशाला की देखरेख में लापरवाही पर मार्टीनगंज के अधिशासी अधिकारी आशीष कुमार राय के खिलाफ दीदारगंज थाने में मुकदमा पहले ही दर्ज हो चुका था। अब निदेशालय ने उन्हें निलंबित करते हुए उन्हें निदेशालय से संबद्ध कर दिया गया है। सोमवार को उप्र गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने मार्टीनगंज गोशाला का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गोशाला में काफी दुर्व्यवस्थाएं मिली थीं। उनके निर्देश पर दीदारगंज थाने में रामस्वारथ राजभर ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले को लेकर डीएम रविंद्र कुमार ने खुद गोशाला का निरीक्षण किया था। उन्हें गोशाला में काफी कमियां मिली थी।
वहीं अब इस मामले में निदेशालय ने ईओ आशीष कुमार राय को निलंबित कर दिया है। नगर निकायों के प्रभारी सीआरओ संजीव ओझा ने बताया कि गोशाला की देखरेख के साथ ही उनके कामों में अन्य कमियां पाई गई थी। इस मामले में निदेशालय ने उन्हें निलंबित करते हुए निदेशालय से संबद्ध कर दिया है।