फूलपुर तहसील के अंबारी स्थित दीदारगंज रोड रेलवे क्रासिंग पर प्रतिदिन लग रहे जाम से लोग परेशान।
- फोटो : AZAMGARH
नामांकन के कारण रूट डायवर्ट करने और भीड़ बढ़ने से सोमवार को जाम लग गया। इससे पूरी यातायात व्यवस्था ध्वस्त नजर आई। मरीजों को लेकर अस्पताल जा रही कई एंबुलेंस नगर पालिका चौराहे पर हूटर बजाती रह गई। जल्दी पहुंचने के लिए एंबुलेंस चालक लगातार हूटर बजा रहा था लेकिन उसे रास्ता नहीं मिल सका।
विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर नामांकन जिला मुख्यालय पर चल रहा है। नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट व तहसील में व्यवस्था बनाई गई है। नामांकन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने हर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दिया है। बैरिकेडिंग होने से शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त होती जा रही है। हालांकि इसे लेकर प्रशासन द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं लेकिन सभी दावे सोमवार को हवा-हवाई साबित हुई। सोमवार को पूरा शहर जाम की समस्या जूझता रहा। नगर पालिका चौराहा पर दिन में करीब दो बजे एक एंबुलेंस जाम में फंस गई। जाम में फंसी एंबुलेंस हूटर बजाती रही लेकिन जाम से निकल नहीं पाई। हालांकि एंबुलेंस में मरीज नहीं था वह मरीज लेने के लिए जा रहा था। ऐसे में साफ है कि समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची तो किसी की जान भी जा सकती है।