जिले में शनिवार को हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। सुबह से ही मंदिरों में बजरंग बली के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरों में हनुमान जी का भव्य शृंगार किया गया।
हनुमान जयंती पर शनिवार को सुबह से ही नगर के अन्नतपुरा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजन-अर्चन को भक्तों की भीड़ जुटी रही। हनुमानगढ़ी में महाबली हनुमान जी का भव्य शृंगार किया। भक्तों ने हनुमान जी का दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। भजन-कीर्तन के समापन के बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ादेव स्थित हनुमान जी के मंदिर को फूलों सहित विद्युत झालरों से सजाया गया था। बज रहे घंटा-घड़ियाल और लग रहे जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। देर शाम हनुमान जी की भव्य आरती उतारी गई और भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं एलवल मुहल्ला स्थित श्रीलाल मंदिर पर पवन पुत्र हनुमान की जयंती गई। महिलाओं, पुरुषों ने पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
गोसाई की बाजार संवाददाता के अनुसार लालगंज कस्बा स्थित हनुमानगढ़ी में भी सुबह से भक्तों की भीड़ जुटी। उधर, लालगंज विकास खड के चेवार गोवर्धनपुर गांव में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। लोगों ने पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बाद में प्रसाद का वितरण किया गया। टेंपो यादव, खरपत्तू, कैलाश यादव, ओम प्रकाश यादव, रामचंदर प्रजापति, छांगुर, संजय, राजेंद्र तिवारी आदि उपस्थित रहे।