ठेकमा। नगर पंचायत मार्टीनगंज के भगत सिंह नगर वार्ड में स्थित ग्राम समाज की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को रविवार को राजस्व व नगर पंचायत की टीम ने अतिक्रमण मुक्त कराया। इसके बाद नगर पंचायत को सुपुर्द कर दिया।
वार्ड निवासी जबीउल्लाह ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि कई वर्षों से पोखरी, भीटा, व ऊसर भूमि पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया है। आरोपी लोगों को उस भूमि की ओर जाने से रोकता है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही थी। एसडीएम मार्टीनगंज ने कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद रविवार को नायब तहसीलदार अरुण कौल की निगरानी में नगर पंचायत कर्मचारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाया गया और भूमि को नगर पंचायत को सौंप दी गई। कार्रवाई के दौरान सुरेंद्र यादव, जबीउल्लाह, शिवकुमार जायसवाल, सुरेश, सुनील जायसवाल आदि रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।