निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट भवन का निरीक्षण करते डीएम सुहास एलवाई।
जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने मंगलवार को निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को युद्घस्तर पर कार्य पूरा करने और कलेक्ट्रेट के सामने बने सार्वजनिक शौचालय को अन्यत्र शिफ्ट करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कलेक्ट्रेट में 71 प्रतिशत निर्माण कार्य पूूरा हो चुका है। जिस पर अब तक कुल 2883.22 लाख रुपये व्यय हो चुके हैं। निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट में भूतल पर पार्किंग, कैंटीन, शाप, सार्वजनिक शौचालय, प्रथम तल पर जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष और चार अन्य न्यायालय कक्ष, कमेटी रूम इंट्रेंस हाल, रिसेप्शन हाल, रिकार्ड रखने के लिए कक्ष, द्वितीय तल पर पांच न्यायालय कक्ष मालखाना, एनआईसी, गोदाम और तृतीय तल पर रिकार्ड रखने के लिए कक्ष पूरा हो चुका है।
जिलाधिकारी ने चौराहे से अतिक्रमण को हटाने का निर्देश देते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट चौराहे से कुंवर सिंह उद्यान के गेट तक जो सड़क है उसे बंद किया जाएगा, इस मार्ग पर केवल पैदल चलने वाले व्यक्ति ही आ-जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से माडर्न कलेक्ट्रेट बना है उसकी खूबसूरती बनाए रखने के लिए अगल-बगल जाम की समस्या से निपटने के लिए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शौचालय को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा ताकि पर्याप्त जगह मिले। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पीपी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वीके गुप्ता आदि रहे।