बरदह में हाईवे पर अतिक्रमण बेतरतीब ढंग से खड़े आटो। संवाद
बरदह बाजार से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-128ए पर अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग से हादसों का खतरा बना हुआ है। हाईवे की पटरी पर ऑटो, बाइक, स्कूटी समेत अन्य वाहन खड़े रहते हैं।
वहीं ठेला-खोमचा, सब्जी-फल की दुकानें और दुकानदारों का सामान सड़क की सीमा तक फैल जाता है। इससे राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है और बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
बरदह चौराहे पर शिवजी-हनुमान मंदिर और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा होने से यहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में बाजार में सब्जी खरीद रहे चिकित्सक डॉ. रामुग्रह सिंह को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी थी।
बाजार में दिसंबर 2023 में कार ने स्कूटर और बुलेट को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़े लोगों को भी चपेट में ले लिया था। हादसे में तीन की मौत हो गई थी। सीओ लालगंज भूपेश पांडे ने बताया कि अतिक्रमण को चिह्नित कराकर हटाया जाएगा। टेंपो और अन्य वाहनों को सड़क से हटाकर मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा।