नगर के मड़या मुहल्ला स्थित वाणिज्य कर कार्यालय में ताला बंद किए बिना ही सारे अधिकारी और कर्मचारी घर चले गए। जब इस बात की जानकारी बगल की एक महिला को हुई तो पहले उसने इसकी सूचना विभाग के लोगों को दी। लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब कोई मौके पर नहीं पहुंचा तो महिला खुद ही कार्यालय में ताला बंद कर दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मड़या मुहल्ले में वाणिज्य कर विभाग का कार्यालय है। गुरुवार को सारे अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में ताला बंद किए बिना ही घर चले गए। रात 10 बजे के करीब बगल की एक महिला रजनी पांडेय पानी लेने गई तो कार्यालय का ताला खुला देख वह आश्चर्य चकित रह गई। उसने देखा कि कार्यालय के कंप्यूटर खुले थे, पंखे, एसी सभी चल रहे थे। उसने इसकी जानकारी विभाग के लोगों को दी लेकिन जब काफी देर तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा तो उसने खुद ही कार्यालय में ताला बंद कर दिया।
इस संबंध में वाणिज्यकर के डिप्टी कमिश्नर प्रशासन गुलाम रब्बानी ने कहा कि वर्तमान में हमारे यहां सेवकों की कमी चल रही है। तीन कार्यालय हैं और दो सेवक। फिलहाल इसे लापरवाही मानते हुए ड्यूटी के सेवक का एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।