सब स्टेशन गौरा से जुड़े खरगपुर फीडर में फाल्ट के कारण दो दर्जन से अधिक गांवों में तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली न रहने से किसान अपनी धान की नर्सरी को पानी नहीं दे पा रहे हैं। जिससे नर्सरी सूखने की कगार पर पहुंच गया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार को बिजली नहीं आई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
बता दें कि खरगपुर फिडर से सरौती, करेनुहआ, गोपालपुर, अतीबलपट्टी, जमुकी, देवरिया, राजधरपुर सहित दर्जन भर गांवों में विद्युत आपूर्ति होती है। 23 मई की रात आई आंधी के कारण फीडर में खराबी आ गई। जिसके कारण इन गांवों में पिछले तीन दिनों से अंधेरा पसरा है। वहीं अधिकारी गोल-मोल जवाब दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में गुस्सा है। गांव के डा. आरके सिंह, साहबराज, हरिश्चंद्र लक्षिराम आदि ने बताया कि तीन दिन से बिजली की आपूर्ति बाधित है। बिजली न मिलने से एक तरफ जहां लोग गर्मी से बेहाल हैं। वहीं किसान खेतों की सिंचाई आदि कार्य नहीं कर पा रहे हैं। जिससे धान की नर्सरी सूखने लगी है। यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं होती है तो नर्सरी पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी।इस संबंध में जब उपखंड अधिकारी आरके राव से बात करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल बंद था। अधिशासी अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि शीघ्र ही फाल्ट दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।