33 बरदह थाना के हादिसा दयालपुर निवासी चंद्रभान प्रजापति चाइनीज मांझे से फटी अपनी जैकेट दिखाते ह
जनपद में चीनी मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। आए दिन घटनाओं हो रही हैं। प्रशासन की सख्ती का असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। बुधवार को एक बार फिर एक युवक चीनी मांझे की चपेट में आ गया। गले स्कार्फ के कारण वह बाल-बाल बच गया लेकिन उसकी जैकेट कट कर फट गई।
थाना प्रभारी के मुताबिक, बरदह थाना क्षेत्र के हादिसा दयालपुर निवासी चंद्रभान प्रजापति बिजली निगम में कार्यरत हैं। वह बुधवार को लालगंज से रानी की सराय मोटरसाइकिल से जा रहे थे। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार में चीनी मांझा उनके गले में फंस गया। मांझे की धार से उनकी जैकेट कट गई। गनीमत रही कि उन्होंने गले में स्कार्फ पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के बाद पतंग उड़ा रहे युवक ने बताया कि पास की दुकान से बेहद सस्ते दाम पर उसने चीनी मांझा खरीदा था। पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। हालांकि पुलिस प्रशासन पहले ही चीनी मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध है, इसके बावजूद जिले के अधिकांश बाजारों में यह खुलेआम बिक रहा है। हाईवे और व्यस्त सड़कों पर वाहन चालकों के लिए यह जानलेवा साबित हो रहा है।
इसी दिन जौनपुर जिले में चीनी मांझे की चपेट में आने से फिजियोथेरेपिस्ट की दर्दनाक मौत भी हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। गंभीरपुर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि दुकान संचालक को हिरासत में लिया गया है। चीनी मंझा भी बरामद किया गया है।