आजमगढ़। बकाया बिजली बिल वसूली को लेकर शक्ति भवन के निर्देश पर बुधवार को पूरे शहर में एक साथ चेकिंग अभियान चलाया गया और बकायेदारों की बत्ती गुल की गई। शहर क्षेत्र में अचानक शुरू हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इस दौरान चार सरकारी कार्यालयों की भी बत्ती गुल की गई। इसके साथ ही लगभग 18 से 20 लाख रुपये बकाया बिल के रुप में वसूल भी किए गए। बकाया वसूली को लेकर शक्ति भवन के निर्देश पर दो दिवसीय डोर टू डोर चेकिंग व बकाया वसूली अभियान के साथ ही बत्ती गुल करने की कवायद की शुरूआत बुधवार को हुई। शहर क्षेत्र में तीनों एसडीओ के नेतृत्व में एक साथ टीम ने जगह-जगह चेकिंग की कवायद शुरू कराया। अचानक शुरू हुए चेकिंग अभियान से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। कई लोग तो अपने घरों में बाहर से ताला लगा कर हट गए तो वहीं कई बकायेदार अपनी मजबूरी बता कर कुछ बकाया जमा कर लाइन कटने से बचाया। इस दौरान विभागीय टीम ने चार सरकारी विभागों की बत्ती गुल किया। इसमें पीडब्लूडी की लाइट 32 लाख रुपये बकाया के चलते काट दी गई। वहीं समाज कल्याण आफिस की लाइट छह लाख, जिला पूर्ति कार्यालय की लगभग तीन लाख व उद्यान विभाग की लगभग सवा लाख बकाया के चलते लाइट काट दी गई। इसके अलावा कई बड़े बकाएदारों की बत्ती भी गुल की गई। एक्सईएन वितरण खंड एक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शहर क्षेत्र में कुल 65 लोगों की लाइन बुधवार को अभियान के दौरान काटी गई। इसके अलावा 18 से 20 लाख रुपये की बकाया वसूली भी की गई।