आजमगढ़। उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के केंद्रीय नेतृत्व के आवाहन पर प्रदेशव्यापी धरना आंदोलन के क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ की वितरण क्षेत्रीय कमेटी के द्वारा मुख्य अभियंता विद्युत कार्यालय के पास 15 सूत्रीय श्रमिक समस्याओं की मांगों का समाधान कराए जाने को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्वांचल महामंत्री सूर्यदेव पांडेय ने कहा कि शीर्ष उर्जा निगम को 15 सूत्रीय मांगों में संविदा कर्मचारियों को तेलंगाना सरकार की भांति सम्मिलित किया जाए। संविदा कर्मचारियों को समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। वर्ष 2007 से संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों के ईपीएफ मद में की गई कटौती से हुए घोटाले की जांच सीबीआई से कराए जाने और उस रिपोर्ट के सार्वजनिक किए जाने, 14 जनवरी 2000 के बाद नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दिए जाने सहित समस्त मांगों को पूरा किए जाने की मांग की गई।