अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला पुरा खिजिर मंदिर के पास रविवार की सुबह आठ बजे चाय पीने जा रहे फेरी लगाकर चादर बेचने वाले रमेश गुजराती (60) को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मोहल्ला पुरानी बस्ती खटिक टोला में रहकर रमेश गुजराती फेरी लगाकर चादर बेचते थे। वह फेरी लगाकर चादर बेंचकर अपना भरण-पोषण करते थे। रविवार की सुबह वह घर से पैदल चाय पीने के लिए जा रहे थे। अभी वह चाय की दुकान से चंद कदम दूर ही पहुंचे थे कि मुबारकपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी शशिमौली पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। ट्रक को पकड़ लिया गया है पर चालक भागने में सफल रहा।