मेंहनगर। स्थानीय कस्बा निवासी अधेड़ की शुक्रवार की सुबह बरदह थाना क्षेत्र के भीरा मोड़ के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक शादी-विवाह में खाना बनाने का काम करता था। मेंहनगर कस्बा के गांधीनगर वार्ड निवासी 50 वर्षीय महेंद्र गोंड बाइक से जौनपुर जा रहा था। बरदह थाना क्षेत्र के भीरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर बरदह थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कराकर पुलिस ने घटना की जानकारी मेंहनगर थाने को दी जहां से हादसे की खबर परिजनों को मिली। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो पुत्र व दो पुत्रियों के पिता थे। रोजीरोटी के लिए वह शादी विवाह में खाना बनाने और बर्तन आदि किराये पर देने का काम करता था। घटना के समय वह जौनपुर बर्तन खरीदने के लिए जा रहे थे। एक माह पूर्व ही महेंद्र के छोटे भाई राजेश की कोरोना से मौत हुई थी। एक माह के अंदर परिवार में दो-दो मौत से जैसे मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है।