माफिया मुख्तार अंसारी व विधायक रमाकांत यादव की बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेशी हुई। माफिया मुख्तार बांदा तो रमाकांत फतेहगढ़ जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश हुए।
मुख्तार अंसारी की गैंगस्टर मामले में एमपी एमएल कोर्ट के न्यायाधीश ओमप्रकाश वर्मा की अदालत में पेशी थी। बृहस्पतिवार को मुख्तार बांदा जेल से वीसी के माध्यम से कोर्ट में पेश हुआ। इस दौरान मुकदमे के आठवें गवाह अवनीश सिंह की गवाही हुई। इसके बाद न्यायाधीश ने अगली सुनवाई के लिए 20 दिसंबर की तारीख निर्धारित की। वहीं बाहुबली विधायक रमाकांत यादव की बृहस्पतिवार को तीन मामलों में पेशी थी। जहानागंज के चकवल में हुए ईवीएम लूट कांड व तहबरपुर के अचार संहिता उल्लंघन के मामले में एमपी एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट के न्यायाधीश अशोक कुमार की अदालत में पेशी हुई। ईवीएम लूटकांड में विवेचक बांके बहादुर सिंह की गवाही पूरी की गई। इन दोनों मामलों में न्यायाधीश ने 21 दिसंबर की तारीख निर्धारित की। वहीं अहरौला के शराब बरामदगी मामले में बाहुबली रमाकांत यादव की पेशी एमपी एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में हुई। इसमें साक्ष्य व गवाहों की शिथिलता को लेकर न्यायाधीश ने नाराजगी जताते हुए एसपी को पत्र लिखा कि साक्ष्यों व गवाहों को कोर्ट में प्रस्तुत कराया जाए। इस मामले में कोर्ट ने 22 दिसंबर की तारीख तय की।