आजमगढ़। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत तथा डीआईजी अखिलेश कुमार ने शनिवार को तहसील निजामाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पूरी गंभीरता के साथ आमजन से उनकी समस्याओं को भी सुना तथा उसे समयबद्ध रूप से गुणवत्तायुक्त निस्तारण का निर्देश दिया। मौके पर आठ अधिकारी अनुपस्थित मिले जिनका वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कुल 173 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए, जिसमें राजस्व के 152 तथा विकास, पुलिस, विद्युत आदि विभागों के 21 मामले सम्मिलित थे। मौके पर अधिकारियों द्वारा सात शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया। मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस में जो भी शिकायतें आमजन से प्राप्त होती हैं उसका इस प्रकार से निस्तारण किया जाय कि उसी प्रकरण को पुन: प्रस्तुत करने की संभावना समाप्त हो जाय। इस दौरान सहायक अभियंता जल निगम, सहायक अभियंता नलकूप, खंड विकास अधिकारी तहबरपुर, एसएचओ अहरौला, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) रानी की सराय व मुहम्मदपुर तथा सहायक विकास अधिकारी (कृषि) रानी की सराय व तहबरपुर शामिल हैं। मंडलायुक्त ने अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। डीआईजी अखिलेश कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो शुरुआत में ही उसका ठोस निस्तारण कर दिया जाय, ताकि विवाद आगे चलकर शांति व्यवस्था में बाधक न बने। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में निरन्तर भ्रमणशील रहकर असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर निरंतर नजर रखते हुए उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाएं। इस मौके पर एसडीएम रवि कुमार, तहसीलदार राजू कुमार, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।